ट्विशा शर्मा मामला: विवेक तन्खा ने सीएम और अमित शाह को लिखा पत्र, सीबीआई जांच की मांग

ट्विशा शर्मा मामला: विवेक तन्खा ने सीएम और अमित शाह को लिखा पत्र, सीबीआई जांच की मांग
भोपाल, यश भारत। राजधानी में पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस पूरे घटनाक्रम में राजनीतिक हस्तक्षेप भी शुरू हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
सांसद विवेक तन्खा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र भेजकर स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पत्र में लिखा है कि गत 12 मई को भोपाल स्थित वैवाहिक घर में त्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत हुई थी। इस घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन स्थिति अब भी गतिरोध में बनी हुई है। मृतका के परिजनों को स्थानीय पुलिस और प्रशासन की जांच पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं है। अविश्वास और निष्पक्ष जांच न होने की आशंका के चलते पीड़ित परिवार इस कदर टूट चुका है कि अभी तक मृतका का अंतिम संस्कार भी नहीं हो पाया है, जिससे उनका भावनात्मक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
ससुराल पक्ष की पृष्ठभूमि को लेकर उठाए सवाल
विवेक तन्खा ने अपने पत्र में मामले के कानूनी रूप से प्रभावित होने की आशंका भी जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मृतका के पति भोपाल न्यायालय में अधिवक्ता हैं, जबकि उनकी माता भोपाल की सेवानिवृत्त प्रधान जिला न्यायाधीश रही हैं। ऐसे रसूखदार और कानूनी पृष्ठभूमि से जुड़े ससुराल पक्ष के होने के कारण स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष जांच को लेकर पीड़ित परिवार के मन में गहरा अविश्वास है।
साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका
कांग्रेस नेता ने चिंता जताते हुए कहा कि समय बीतने के साथ ही इस मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों और सबूतों के साथ छेड़छाड़ होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसी स्थिति में जनता और पीड़ित परिवार का न्याय प्रणाली पर विश्वास बनाए रखने के लिए स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है। तन्खा के मुताबिक, इस पूरे मामले में पारदर्शिता केवल सीबीआई जांच के जरिए ही संभव है, क्योंकि केंद्रीय एजेंसी की दखल से ही इस संवेदनशील प्रकरण का एकमात्र निष्पक्ष समाधान निकल सकता है।








