कमिश्नर पहुंचे ढोलक बस्ती, देर रात झुग्गीवासियों से की बात, साइबर ठगी, ट्रैफिक नियम और नशा मुक्ति का दिया संदेश

कमिश्नर पहुंचे ढोलक बस्ती, देर रात झुग्गीवासियों से की बात, साइबर ठगी, ट्रैफिक नियम और नशा मुक्ति का दिया संदेश
भोपाल, यश भारत। राजधानी की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन से सीधे जुड़ने की दिशा में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार देर रात अचानक मिसरोद क्षेत्र स्थित ढोलक बस्ती जाट खेड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय निवासियों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनसंवाद के दौरान पुलिस कमिश्नर ने ढोलक बस्ती के नागरिकों को सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से साइबर अपराधों से सतर्क रहने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति से ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। डिजिटल ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
इसके साथ ही उन्होंने ट्रैफिक नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, वाहन चलाते समय हेलमेट व सीटबेल्ट का प्रयोग करने और नाबालिगों को वाहन न देने की समझाइश दी। बस्ती में युवाओं को नशे की लत से दूर रखने पर जोर देते हुए कमिश्नर ने स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार करता है, तो उसकी सूचना निसंकोच पुलिस को दें, सूचनादाता की पहचान गुप्त रखी जाएगी।







