ब्रेकिंग : अग्निकांड के 16 वे दिन बरही पहुंचे सांसद वीडी शर्मा, प्रभावित परिवार से अब तक मुलाकात न करने को लेकर पूरे जिले में थी तीखी प्रतिक्रिया, बोले – इस कठिन वक्त में पूरा संगठन अग्रवाल परिवार के साथ

कटनी, यशभारत। अपने संसदीय क्षेत्र में हुए हृदय विदारक अग्निकांड में प्रभावित परिवार के बीच अनुपस्थिति के सवालों के बीच आज घटना के 16 वे दिन सांसद वीडी शर्मा बरही पहुंचे और 2 माह के मासूम समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की। पूरनलाल अग्रवाल के परिवार में दिल दहला देने वाली यह घटना दीपावली की रात को हुई थी, तबसे 16 दिन हो चुके है। प्रशासनिक जांच में अब तक किसी की जिम्मेदारी तय नहीं की गई है और न ही आग बुझाने के प्रयासों में लापरवाही के लिए किसी को अब तक दोषी माना गया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने घटना के फौरन बाद हर प्रभावित परिवार को जान गंवाने वाले हर सदस्य के हुस्न से 4-4 लाख रुपये की राशि देने का ऐलान किया था। प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मामले में सरकारी तंत्र पर अमानवीय लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने बरही पहुंचकर प्रभावित परिवार से मुलाकात की लेकिन क्षेत्रीय सांसद वीडी शर्मा अब तक शोक संवेदना व्यक्त करने नहीं पहुंच सके थे। घटना के 15 दिन बाद तक क्षेत्र के सांसद को 6 लोगों की मौत पर आंसू बहाने का वक्त न मिल पाने की तीखी प्रतिक्रिया केवल बरही ही नहीं बल्कि समूचे संसदीय क्षेत्र में थी। लोग तरह तरह के सवाल खड़े करने लगे थे। सूत्र बताते हैं कि उनकी गैरहाजिरी का गलत मैसेज जाता देख कटनी के भाजपा संगठन में जमे उनके सिपहसालारों ने उन्हें हालातों से अवगत कराया। अंततः आज सांसद ने कटनी प्रवास की शुरुआत ही बरही से की। देर शाम विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही पहुंचकर उन्होंने रीतेश अग्रवाल से भेंट कर घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों से संवाद करते हुए अग्नि दुर्घटना से हुई अपूरणीय क्षति पर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त की एवं इस कठिन समय में पार्टी संगठन के पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, जिला मंत्री आशीष गुप्ता बाबा, वरिष्ठ नेता डारेश्वर पाठक,मंडल अध्यक्ष जगदीश गुप्ता, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष तीरथ पटेल,मंडल महामंत्री पी डी ताम्रकार, श्री कैलाश कचेर, प्रवीण त्रिवेदी , रामकृष्ण पटेल सहित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। वीडी शर्मा बरही से कटनी पहुंचे तथा पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर टोपनानी के परिवार में आयोजित विवाह समारोह में उनके शामिल होने की खबर है।








