अब जैन पाठशाला ट्रस्ट की संपत्ति को लेकर विवाद, ताला टूटने के बाद दोनों पक्ष पहुंचे थाने, पुलिस में कहा मामला न्यायालय का

कटनी, यशभारत। चेतनोदय तीर्थ क्षेत्र की भूमि को लेकर चल रहा विवाद अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा है, इस बीच कोतवाली के सामने संचालित जैन स्कूल और धर्मशाला की संपत्ति को लेकर नया विवाद सामने आ गया है। दिगम्बर जैन पंचायत से जुड़े लोगों का कहना है कि यह संपत्ति जैन समाज की है और वर्षों से यहां स्कूल संचालित होने के साथ धर्मशाला में धार्मिक और अन्य आयोजन होते रहे हैं, जबकि दूसरी ओर इस भवन को अपने परिवार की संपत्ति बताने वाले अनुराग जैन का कहना है कि उनके पुरखों में 1913 में यह जमीन खरीदी थी और इस पर जो भवन बनाए गए, वो समाज के उपयोग के लिए दे दिए गए थे, लेकिन जैन समाज इस संपति का मालिक नहीं है। पता चला है कि कल रविवार को हुए घटनाक्रम को लेकर जैन धर्मशाला में दिगंबर जैन पंचायत समिति की एक बैठक भी आयोजित की गई और मौजूदा स्थिति पर चर्चा की गई। जैन धर्मशाला में जमीन की दावेदारी को लेकर जैन समाज के लोग आन बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे। कुछ देर बाद दूसरा पक्ष भी पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने मामले को लेकर राजस्व विभाग के अधिकारियों से मिलकर समस्या को निपटाने की सलाह दी। कोतवाली में दिए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जैन धर्मशाला में एक परिवार द्वारा कब्जा किया गया है। धर्मशाला के बाहर बनी दुकानों पर भी इनकी नजर है। सकल दिगंबर जैन समाज अध्यक्ष संजय जैन, राकेश जैन कक्का और मिट्ठूलाल जैन आदि ने पुलिस को बताया कि वर्तमान में जैन धर्मशाला में समाज का ताला लगा हुआ है। उधर धन्य कुमार जैन परिवार की ओर से धर्मशाला का ताला तोडऩे की बात कही जा रही है। जैन समाज ने शिकायत में बताया कि जैन समाज की जैन पाठशाला ट्रस्ट धर्मशाला का पंजीयन ट्रस्ट एक्ट के तहत 21 अप्रैल 1915 को रजिस्ट्रेशन नंबर 206 के अंतर्गत दर्ज है। शिकायत में कहा गया है कि रट्रस्टियों के नाम पर कई अचल संपत्तियां दर्ज रही हैं। जैन समाज का आरोप है कि ट्रस्ट की जमीन व संपत्तियों को लेकर अब विवाद पैदा करने तथा अपने निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए उन पर अधिकार व कब्जा जमाने की कोशिश की जा रही है। दूसरे पक्ष का कहना था कि उनके पास जमीन के 70 वर्ष पुराने कागजात हैं। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्ष की बातें सुनी और उनको राजस्व संबंधी मामला होने पर अधिकारियों के सामने अपने दस्तावेज पेश करते हुए मामले का निपटारा न्यायालय में कराने की सलाह दी है।
ताला तोड़कर कब्जे का आरोप
इस मामले में अनुराग जैन का कहना है कि जैन स्कूल का संचालन जैन पाठशाला ट्रस्ट करता आया है। इसी के पीछे जैन धर्मशाला है। यह संपत्ति उनके पारिवारिक ट्रस्ट की है। कुछ लोगों द्वारा एक दिन पहले ताला तोड़कर कब्जे का प्रयास किया गया। उनके परिवार की ओर से जैन समाज को केवल उपयोग के लिए यह संपत्ति दी गई थी, समाज इसका मालिक नहीं है। अनुराग जैन के मुताबिक उन्होंने भी पुलिस के सामने अपना पक्ष रख दिया है।







