खाकी का मानवीय चेहरा: दीपावली पर जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुंचीं एसपी पल्लवी शुक्ला, बांटी मिठाइयां और खुशियां
ग्वारीघाट में एएसपी और पुलिस टीम ने बच्चों के साथ मनाया त्योहार, हर पर्व पर जरूरतमंदों की खुशियों का रखती हैं ध्यान

(आकाश पाण्डेय )जबलपुर, यश भारत। दीपावली का त्योहार हर किसी के जीवन में खुशियां लेकर आता है, लेकिन समाज में ऐसे भी कई परिवार हैं, जिनके लिए त्योहार की खुशियां जुटाना आसान नहीं होता। ऐसे ही जरूरतमंद परिवारों और बेसहारा बच्चों की दीपावली रोशन करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील पहल की। ग्वारीघाट स्थित नर्मदा तट पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अपनी टीम के साथ पहुंचे और गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को मिठाइयां, पटाखे और उपहार भेंट किए। पुलिस अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान बच्चों ने पुलिस टीम के साथ सुरक्षित तरीके से फुलझड़ियां जलाकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।
हर त्योहार पर जरूरतमंदों की खुशियों का रखती हैं ध्यान
एसपी पल्लवी शुक्ला का मानना है कि त्योहार की खुशियां केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज के उन लोगों तक भी पहुंचनी चाहिए, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। खास बात यह है कि जरूरतमंदों के प्रति उनकी यह संवेदनशीलता किसी एक त्योहार तक सीमित नहीं है। जब भी कोई पर्व या विशेष अवसर आता है, वे गरीब परिवारों और बच्चों के बीच खुशियां बांटने के लिए कुछ न कुछ पहल करती नजर आती हैं। इस बार दीपावली पर भी उन्होंने जरूरतमंद परिवारों के नन्हे बच्चों को मिठाइयां और फुलझड़ियां वितरित कर उनके त्योहार को यादगार बनाने का प्रयास किया।
सक्षम लोगों से भी की मदद की अपील
एसपी पल्लवी शुक्ला ने कहा कि दीपावली के पावन अवसर पर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को मिठाइयां और फुलझड़ियां बांटी गईं, ताकि वे भी त्योहार को खुशी और उल्लास के साथ मना सकें। उन्होंने संदेश दिया कि समाज के सक्षम और समर्थ लोगों को शोषित एवं पीड़ित वर्ग की मदद के लिए आगे आना चाहिए। जब हम अपने परिवार के साथ त्योहार मना रहे हों, तब कुछ खुशियां और सहयोग उन बच्चों के साथ भी साझा करना चाहिए, जो संसाधनों के अभाव में त्योहार का आनंद नहीं उठा पाते।







