कटनीग्वालियरजबलपुरभोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेशविदेश

टॉयलेट में मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट, हवा में लौटाया इंडिगो विमान

टॉयलेट में मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट, हवा में लौटाया इंडिगो विमान

बेंगलुरु से लखनऊ जा रही फ्लाइट की वापस इमरजेंसी लैंडिंग, एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित; यात्रियों को विमान से उतारकर शुरू की गई जांच

 

बेंगलुरु। बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शनिवार को हाईजैक की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। विमान के टॉयलेट में धमकी भरा नोट मिलने के बाद पायलट ने एहतियात बरतते हुए विमान को वापस बेंगलुरु लौटाने का फैसला किया। केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की वापसी से पहले फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान के सुरक्षित उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने उसे अपने नियंत्रण में लेकर निर्धारित स्थान पर अलग खड़ा कराया और जांच शुरू कर दी।

 

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6ई-451 शनिवार को बेंगलुरु से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान क्रू मेंबर्स को विमान के टॉयलेट में एक नोट मिला, जिसमें विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। नोट मिलने के बाद चालक दल ने तत्काल पायलट को इसकी जानकारी दी। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पायलटों ने विमान को गंतव्य तक ले जाने के बजाय वापस बेंगलुरु लौटाने का निर्णय लिया। एयरपोर्ट पर विमान के पहुंचने से पहले आपातकालीन इंतजाम किए गए। सुरक्षा कर्मियों ने विमान की घेराबंदी कर तलाशी और जांच की प्रक्रिया शुरू की।

 

जांच पूरी होने तक यात्री एयरपोर्ट पर रुके

 

इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि 7 नवंबर 2026 को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही फ्लाइट 6ई-451 में सुरक्षा खतरे की सूचना मिली थी। निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया। प्रोटोकॉल के अनुसार पायलटों ने विमान को उसके शुरुआती एयरपोर्ट पर वापस लाने का फैसला किया। प्रवक्ता ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि विमान की आवश्यक सुरक्षा जांच और संबंधित अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद ही उसे लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा। इस दौरान एयरलाइन का ग्राउंड स्टाफ यात्रियों को जलपान और जरूरी जानकारियां उपलब्ध करा रहा है।

 

पहले भी सामने आ चुकी हैं हाईजैक अलर्ट और हमले की घटनाएं

 

देश और अंतरराष्ट्रीय विमानन क्षेत्र में हाल के दिनों में हाईजैक अलर्ट और विमान के भीतर हमले की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाई है। 13 अक्टूबर को फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-2030 की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। विमान को अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से हाईजैक का अलर्ट मिलने की जानकारी सामने आई थी। शुरुआती जांच में पायलट की गलती से अलर्ट संदेश जाने की आशंका जताई गई थी, हालांकि पायलट ने अपनी गलती से इनकार किया था।

 

इसी तरह 30 सितंबर को दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भी गंभीर घटना हुई थी। उड़ान के दौरान ओमान के को-पायलट ने कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए थे और विमान नीचे आने लगा था। हालांकि, चालक दल और यात्रियों की मदद से हमलावर को काबू कर लिया गया। अब बेंगलुरु में इंडिगो विमान को मिली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां नोट के स्रोत और उसे विमान के टॉयलेट तक पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button