
जबलपुर, यश भारत। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चरगवां पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 60 लीटर कच्ची शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब छह हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चरगवां पुलिस ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी सरोजनी टोप्पो के अनुसार 12 सितंबर की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि उमरिया डुंगरिया रोड पर दो युवक बड़ी मात्रा में कच्ची शराब लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने उमरिया डुंगरिया भट्टा रोड तिराहा के पास दबिश दी।पुलिस को देखकर दोनों युवक झाड़ियों में छिपने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम कृपाल गौंड़ (25) और सुनील गौंड़ (20), निवासी ग्राम डुंगरिया बताया। तलाशी के दौरान उनके पास रखे चार प्लास्टिक के कुप्पों में करीब 60 लीटर कच्ची शराब मिली।







