
सुरक्षा और शांति के लिए पुलिस कमिश्नर ने अवधपुरी में किया जनसंवाद
क्षेत्रीय नागरिकों की मांग पर गश्त बढ़ाने और सुरक्षा चाक-चौबंद करने के दिए निर्देश
भोपाल, यशभारत। शहर में आमजनों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बीती रात थाना अवधपुरी क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ सीधा संवाद (जनसंवाद) कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
जनता की मांग पर बढ़ेगी चौकसी
जनसंवाद के दौरान स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र के कुछ संवेदनशील पॉइंट पर सुरक्षा बढ़ाने और रात के समय पुलिस गश्त तेज करने की मांग रखी। पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और नगर रक्षा समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।
यातायात नियमों के पालन का संकल्प
सुरक्षा चर्चा के उपरांत, पुलिस कमिश्नर ने सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए वहां उपस्थित सभी नागरिकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अपराध मुक्त शहर के साथ-साथ दुर्घटना मुक्त शहर बनाना भी हम सबकी जिम्मेदारी है।







