सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर भोपाल में अलग-अलग जोन में प्रदर्शन , 29 दिवसीय दैनिक वेतनभोगियों को नियमित करने और ₹25 हजार वेतन देने की उठाई मांग

सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर भोपाल में अलग-अलग जोन में प्रदर्शन
29 दिवसीय दैनिक वेतनभोगियों को नियमित करने और ₹25 हजार वेतन देने की उठाई मांग
भोपाल,यश भारत। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन (रजिस्ट्रेशन नंबर 7262) जिला शाखा भोपाल के तत्वावधान में सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर राजधानी भोपाल में प्रदर्शन एवं आंदोलन । इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शासन-प्रशासन से मांगों का शीघ्र निराकरण करने की अपील की।
यूनियन की प्रमुख मांगों में विनियमित कर्मचारियों को नियमित करना, 29 दिवसीय दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने अथवा उन्हें 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने की मांग शामिल है। इसके अलावा वर्तमान में लगभग 10 हजार रुपये वेतन पाने वाले कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने, ठेका प्रथा एवं निजीकरण समाप्त करने तथा फेस ऐप अटेंडेंस प्रणाली बंद करने की मांग भी उठाई गई।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद की। आंदोलन में अन्ना नगर सहित राजधानी के अलग-अलग वार्डों के सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि जब तक उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने जोरदार नारे लगाए , हमारी मांगें पूरी करो” सफाई कर्मचारियों को नियमित करो” और कर्मचारी एकता जिंदाबाद-जिंदाबाद। यूनियन पदाधिकारियों ने शासन से सफाई कर्मचारियों के हित में जल्द निर्णय लेकर उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।







