सतना। शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली एक और घटना सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अहरी टोला में शनिवार रात एक युवक ने सड़क पर खुलेआम फायरिंग कर दी। इस दौरान युवक “हैप्पी बर्थडे ईशु” चिल्लाते हुए पिस्टल से गोली चलाता नजर आया। पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिससे शहर में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, फायरिंग करने वाले युवक की पहचान कृष्णा सेन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने किसी दोस्त के जन्मदिन के मौके पर जश्न मना रहा था। तभी सड़क पर ही पिस्टल निकालकर उसने हवा में फायर झोंक दिया। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग सहम गए
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
रविवार सुबह सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने मौके के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
फायरिंग की घटनाओं से लोग दहशत में
बीते कुछ महीनों में सतना शहर में इस तरह की फायरिंग और झगड़े की घटनाएं बढ़ी हैं। खुलेआम हथियार लहराने और गोली चलाने के वीडियो सोशल मीडिया पर आए दिन वायरल हो रहे हैं। ऐसे मामलों ने पुलिस की सक्रियता और कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुलिस ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करे ताकि शहर में डर का माहौल खत्म हो सके और आमजन सुरक्षित महसूस कर सकें
Back to top button