दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तालाब में डूबा युवक : मौत, क्षेत्र में हड़कंप

सतना। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे में एक युवक की जान चली गई। तालाब में डूबे युवक का शव आज एसडीईआरएफ की टीम ने तलाश अभियान के बाद बरामद किया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रामवन पथ गमन के पास की है। मृतक की पहचान गिरजापुर निवासी अभय राज चौधरी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभय दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए तालाब पहुंचा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात में स्थानीय लोगों ने भी उसकी तलाश की, मगर उसका पता नहीं चल सका।
गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर एसडीईआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और खोज अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मुरूम खनन से बना था तालाब
बताया जाता है कि हाईवे के किनारे स्थित यह तालाब आदिवासी की जमीन पर मुरूम खनन के कारण बना था। इसकी गहराई करीब 10 फीट बताई गई है। प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।







