माफिया के आतंक पर कांग्रेस का हल्लाबोल, बोर्ड ऑफिस चौराहे पर बनाई मानव श्रृंखला , दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के विरोध में मोमबत्तियां जलाकर दी श्रद्धांजलि, कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

माफिया के आतंक पर कांग्रेस का हल्लाबोल, बोर्ड ऑफिस चौराहे पर बनाई मानव श्रृंखला
दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के विरोध में मोमबत्तियां जलाकर दी श्रद्धांजलि, कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
भोपाल,यश भारत। देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की ट्रक से कुचलकर हत्या के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, भोपाल शहर ने बोर्ड ऑफिस चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। शराब रेत और खनिज माफियाओं के बढ़ते आतंक के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। इस दौरान दिवंगत थाना प्रभारी की स्मृति में मोमबत्तियां जलाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर के अध्यक्ष इंजी. प्रवीण सक्सेना ने किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब कानून के रक्षकों की जान भी सुरक्षित नहीं है। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जब पुलिस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी , सक्सेना ने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब, रेत और खनिज माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है जिसके चलते उनका आतंक लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की जान माल की सुरक्षा करने में नाकाम साबित हो रही है और प्रदेश की जनता भय एवं असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने मांग की कि माफियाओं को मिल रहे कथित राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा हत्या के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि माफिया राज और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
मोमबत्तियां जलाकर जताया आक्रोश और शोक
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर माफिया राज के खिलाफ एकजुटता दिखाई। इसके बाद मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत थाना प्रभारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।







