अब भारी ट्रैफिक से मिलेगी मुक्ति: 688 करोड़ का वेस्टर्न बायपास लेगा आकार, कलेक्टर ने लिया जायजा

सागर, यशभारत l शहर के यातायात को एक नई दिशा देने और नागरिकों को दैनिक जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन वेस्टर्न बायपास (NH-146) का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। बुधवार को सागर कलेक्टर दिलीप यादव ने लेहदरा से बरखेड़ी गुरु तक प्रस्तावित इस 20.19 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने स्वयं मौके पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने फ्लाईओवर, प्रस्तावित रैंप और अधिग्रहित जमीनों के लेआउट का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की गति तेज करने के साथ-साथ गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण स्थल पर मौजूद प्रभावित गांवों के किसानों और भू-स्वामियों से कलेक्टर श्री यादव ने सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने उपस्थित राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए:
पारदर्शी मुआवजा: मुआवजा राशि की गणना और उसके वितरण में किसी प्रकार की त्रुटि या गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।
राजस्व प्रकरणों का निपटारा: फौती, नामांतरण, सीमांकन, नक्शा सुधार और सिंचित-असिंचित भूमि से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए।
मृतक भू-स्वामियों की सूची: जिन मृतक भू-स्वामियों के मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हैं, उनकी सूची तत्काल तैयार कर पेश की जाए।
समझौते वाले मामले: आपसी सहमति से हल होने वाले लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द सुलझाया जाए।
मुख्य चौराहों पर बनेंगे ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम
बायपास को पूरी तरह सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए कलेक्टर ने आदेशित किया की वन क्षेत्र (Forest Area) से गुजरने वाले मार्ग के दोनों ओर मजबूत बाउंड्री वॉल और जालीदार फेंसिंग लगाई जाए। आवश्यकतानुसार रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी किया जाए।भविष्य के यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए मुख्य रोड क्रॉसिंग पर पर्याप्त साइनेज और आधुनिक ट्रैफिक कंट्रोल संरचनाएं विकसित की जाए।पीएचई (PHE), राजस्व, नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) और निर्माण कंपनी को आपस में बेहतर तालमेल बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बता दे कि लेहदरा से बरखेड़ी गुरु तक 20.19 किलोमीटर बायपास जिसकी कुल लागत ₹ 688.31 करोड़ है जिसका उद्देश्य सागर शहर को भारी वाहनों से मुक्ति दिलाना व नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर से सीधा जोड़ना है जिसका निर्माण कार्य एम एस आर्केन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. दुआरा किया जा रहा है।
स्थल निरीक्षण के दौरान पीडी (NHAI) मृदुल राकेश मिश्रा, एसडीएम सागर रोहित वर्मा, एसडीएम जैसीनगर नवीन सिंह ठाकुर तथा नेशनल हाईवे अथॉरिटी और निर्माण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।







