6वीं बटालियन में गरबा की धूम, पारंपरिक परिधानों में थिरकीं महिलाएं

जबलपुर,यशभारत। नवरात्रि के पावन अवसर पर छठवीं बटालियन, विशेष सशस्त्र बल जबलपुर में 15 एवं 16 अक्टूबर को दो दिवसीय पारंपरिक गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बटालियन परिवार की महिलाओं एवं बच्चियों के साथ पीटीएस एसएएफ में प्रशिक्षणरत महिला नव आरक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी प्रतिभागियों ने गुजराती गरबा गीतों की धुन पर डांडिया खेलते हुए मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पूरे परिसर में भक्ति, उमंग और उल्लास का माहौल रहा। उत्कृष्ट वेशभूषा एवं नृत्य प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बटालियन के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती सुलेखा चौधरी एवं कमांडेंट सिद्धार्थ चौधरी के साथ सहायक पुलिस महानिरीक्षक श्रद्धा सोनकर, उप पुलिस अधीक्षक अर्चना जाट, उप सेनानी एल.एस. श्याम, सहायक सेनानी एम.पी. सिंह, एडजुटेंट विजय कुमार अंभोरे, निरीक्षक विक्रम सिंह, हितेश फुलझेले, विजय मेहरा, शैलेन्द्र सिंह, स्वरूप सिंह एवं उमेश प्रताप सिंह सहित बटालियन के अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे।







