बुजुर्ग महिला की हत्या: आरोपी किराएदार महिला और उसका बेटा गिरफ्तार, मल्टी के चैंबर से लूटा सामान जब्त

बुजुर्ग महिला की हत्या: आरोपी किराएदार महिला और उसका बेटा गिरफ्तार, मल्टी के चैंबर से लूटा सामान जब्त
भोपाल, यश भारत। शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र स्थित वाजपेयी नगर मल्टी में हुई 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलरी देवी की नृशंस हत्या और लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। एसआईटी और शाहजहानाबाद पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मल्टी के ए-1 ब्लॉक में रहने वाली किराएदार महिला रेखा और उसके बेटे संजय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मल्टी के ही एक चैंबर में छिपाकर रखा गया मृतका का सारा लूटा हुआ सामान बरामद कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, आनंद फाइनेंस के पास से दबोचे गए आरोपी
वारदात की जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने मल्टी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसमें ए-1 ब्लॉक में रहने वाली संदिग्ध महिला की हलचल दर्ज हुई थी। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों को आनंद फाइनेंस के पास से गिरफ्तार किया।
शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने वृद्धा के अकेले रहने का पूरा फायदा उठाया और पहले से रेकी कर रखी थी। आरोपियों ने हत्या और लूट के बाद जेवरात मल्टी के ही एक चैंबर में छिपा दिए थे, जिसे पुलिस ने आरोपियों की मौजूदगी में जब्त कर केस डायरी में शामिल कर लिया है। आरोपियों की क्रूरता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने मृतका के शरीर से सोने के कड़े, हार, पायल, बिछिया के साथ-साथ सोने का दांत तक उखाड़ लिया था।

मल्टियों में किराएदार सत्यापन पर उठे गंभीर सवाल
इस दर्दनाक वारदात के बाद वाजपेयी नगर और आसपास की मल्टियों में बिना पुलिस सत्यापन (Verification) के रह रहे किराएदारों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। स्थानीय निवासियों में पुलिस की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।
रहवासियों का कहना है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर किराएदार सत्यापन अभियान न चलाए जाने के कारण आपराधिक तत्व इन मल्टियों को अपना ठिकाना बना रहे हैं। गौरतलब है कि जिस ए-1 ब्लॉक में आरोपी महिला रह रही थी, उसी ब्लॉक में दो साल पहले भी एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या का मामला सामने आया था, जिसमें आरोपी किराएदार ही था।
चक्काजाम के बाद हरकत में आई पुलिस
वारदात के विरोध में आक्रोशित परिजनों और रहवासियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट जाने वाले मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही प्रदर्शन खत्म हुआ।
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की मौत की वजह गला घोंटना और दम घुटना बताई गई है। शाहजहानाबाद पुलिस जल्द ही मामले का औपचारिक प्रेस वार्ता के जरिए खुलासा करेगी।







