ब्रेकिंग : मलघन के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, तीन गंभीर, घायलों को कटनी जिला अस्पताल किया गया रेफर

कटनी/ शाहनगर, यशभारत। पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बोरी चौकी क्षेत्र के मलघन के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। एक मोटरसाइकिल पर महेवा निवासी हिसाबी पटेल और ठेपा निवासी रामनाथ पटेल सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर मलघन निवासी मोहन बंजारा और मुकेश बंजारा सवार थे। दोनों मोटरसाइकिलों के बीच अचानक आमने-सामने टक्कर होने से चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मदद के लिए तत्परता दिखाई और डायल 112 की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने हिसाबी पटेल की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना शाहनगर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। सड़क हादसे में एक युवक की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।







