मां के दूध से संवरेगी नौनिहालों की जिंदगी, एल्गिन अस्पताल में शुरू हुआ प्रदेश का सबसे बड़ा मिल्क बैंक

जबलपुर,यश भारत। समय से पहले जन्म लेने वाले, कम वजन और गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं के लिए अब मां के दूध की कमी जीवन बचाने में बाधा नहीं बनेगी। रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन अस्पताल) में मंगलवार को मध्यप्रदेश के सबसे बड़े मिल्क बैंक ‘अमृत कलश’ की शुरुआत हुई। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने करीब 70 लाख रुपये की लागत से तैयार इस केंद्र का शुभारंभ किया। इसे नवजात शिशुओं के बेहतर उपचार और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
महाकौशल का पहला कॉम्प्रिहेंसिव लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर होने के कारण इसकी शुरुआत को क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। यहां उन नवजात शिशुओं को सुरक्षित मातृ दुग्ध उपलब्ध कराया जाएगा, जो किसी कारणवश अपनी मां का दूध नहीं पी पा रहे हैं। विशेष रूप से एसएनसीयू और पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बीमार एवं कम वजन वाले बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।
माताओं के दूध से मिलेगी नवजातों को नई जिंदगी
नवजात शिशु के लिए मां का दूध सबसे बेहतर और प्राकृतिक पोषण माना जाता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले गुण बच्चे के शारीरिक विकास और संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समय से पहले जन्म लेने वाले या कम वजन वाले बच्चों के लिए इसकी जरूरत और भी अधिक होती है। ऐसे में मिल्क बैंक जरूरतमंद बच्चों के लिए जीवनरक्षक सुविधा साबित हो सकता है।
स्वेच्छा से दूध दान कर सकेंगी माताएं
मिल्क बैंक में पर्याप्त मात्रा में दूध उपलब्ध होने वाली धात्री माताओं से उनकी स्वेच्छा और सहमति के आधार पर मातृ दुग्ध एकत्रित किया जाएगा। इसके बाद अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से दूध को सुरक्षित तरीके से संरक्षित और उपयोग के योग्य बनाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर चिकित्सकों की सलाह के अनुसार अस्पताल में भर्ती नवजातों को यह दूध उपलब्ध कराया जाएगा।
शिशु मृत्यु दर कम करने में मिलेगी मदद
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस सुविधा से उन बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें जन्म के बाद मां का दूध नहीं मिल पाता। सुरक्षित मातृ दुग्ध मिलने से बच्चों के पोषण, रोग प्रतिरोधक क्षमता और उपचार के दौरान स्वस्थ होने की संभावनाओं को मजबूती मिलेगी। साथ ही नवजात शिशुओं की मृत्यु दर कम करने के प्रयासों को भी गति मिलेगी। शुभारंभ अवसर पर विधायक अभिलाष पांडेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी और एल्गिन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. नीता पराशर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ‘अमृत कलश’ की शुरुआत से जबलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के जरूरतमंद नवजात शिशुओं को मातृ दुग्ध की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।







