Top-5जबलपुरदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

गुरुनानक जयंती पर श्रद्धा और भक्ति से सजा कीर्तन दरबार, गुरुवाणी से निहाल हुई संगत

जबलपुर,यश भारत। सिख धर्म के संस्थापक और मानवता, समानता, विश्वशांति एवं भाईचारे का संदेश देने वाले जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाशोत्सव मंगलवार को शहर में हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सदर स्थित शिवाजी स्टेडियम के सामने बिरमानी पेट्रोल पंप के पास मुरगी मैदान में भव्य कीर्तन दरबार सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरुवाणी का श्रवण किया और गुरु के चरणों में मत्था टेका। 

कार्यक्रम में स्वर्ण मंदिर श्री दरबार साहिब, अमृतसर के प्रसिद्ध हुजूरी रागी जत्थे के भाई गुरप्रीत सिंह एवं उनके साथियों ने गुरुवाणी और शबद कीर्तन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। वहीं तख्त श्री आनंदपुर साहिब, पंजाब के विद्वान गुरुवाणी मीमांसक ज्ञानी सरबजीत सिंह ने गुरुवाणी मीमांसा, भजन और काव्यपाठ के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का संदेश दिया। कीर्तन और शबद गायन के दौरान पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। 

आयोजन में जनप्रतिनिधियों के साथ निष्काम सेवा करने वाले सेवादारों और समाजसेवियों का सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं के लिए दिनभर गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में शहर और उपनगरीय क्षेत्रों में कीर्तनी प्रभातफेरियां निकाली गईं। गुरुनानक विद्यालय मढ़ाताल में बसंती निशान साहिब लहराने की सेवा की गई। वहीं शहर के विभिन्न गुरुद्वारों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया। उपनगरीय क्षेत्र के गुरुद्वारा खमरिया में भी प्रकाशोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। आयोजन में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान प्रताप सिंह विरदी, कुलदीप सिंह बंसल, सुखबिंदर सिंह रील, इन्द्रपाल सिंह सेहमी, जतिंदर सिंह सैनी, एमएस नागी, अवतार सिंह बांगा, अमनदीप सिंह विरदी, राजिंदर सिंह धनजल, सुरिंदर सिंह अहलूवालिया और गुरप्रीत सिंह मोनू भाटिया सहित अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और भाईचारे की भावना दिखाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button