भोपालमध्यप्रदेश

कट्टा विदिशा से खरीदा, दोस्त की कनपटी पर टिकाकर चलाई गोली: हत्या की वजह छिपाने पुलिस को लगातार उलझा रहा आरोपी अलीम

कट्टा विदिशा से खरीदा, दोस्त की कनपटी पर टिकाकर चलाई गोली: हत्या की वजह छिपाने पुलिस को लगातार उलझा रहा आरोपी अलीम

भोपाल,यशभारत। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चलती बाइक पर दोस्त इखलास ताशी उम्र 24 साल की हत्या करने वाले आरोपी अलीम उर्फ अल्लू को पुलिस ने गांधीनगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल कट्टा भी बरामद कर लिया है। हालांकि, हत्या के पीछे की असल वजह क्या थी, इसे लेकर आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह कर रहा है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी अलीम ने खुलासा किया कि वारदात में इस्तेमाल कट्टा उसने कुछ दिन पहले ही विदिशा से खरीदा था। रविवार सुबह इखलास ताशी अपने दोस्त अलीम और एक अन्य साथी के साथ बाइक से मछली पकड़ने निकला था। तीसरा साथी बाइक चला रहा था, जबकि ताशी बीच में और अलीम सबसे पीछे बैठा था। रास्ते में अलीम ने अचानक कट्टा निकालकर ताशी की कनपटी से सटाया और ट्रिगर दबा दिया। गोली लगते ही ताशी की मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक चालक को धमकाकर हुआ फरार
हत्या के बाद आरोपी ने बाइक चला रहे साथी को जान से मारने की धमकी दी और जबरन सिंधी कॉलोनी तक साथ ले गया। वहां पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जब घेराबंदी की, तो सोमवार  मुखबिर की सूचना पर उसे गांधीनगर से दबोच लिया गया।

तीसरे साथी की भूमिका भी संदेह के घेरे में
डीसीपी जोन-4 आदित्य कांत शुक्ला ने बताया कि आरोपी से कट्टा जब्त कर लिया गया है, लेकिन वह हत्या का सही कारण बताने से बच रहा है और पूछताछ में लगातार बयान बदल रहा है। पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि बाइक चला रहे तीसरे युवक की इस हत्याकांड में कोई साज़िश या भूमिका थी या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button