मदद के बहाने एटीएम बदलकर 75 हजार उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद

मदद के बहाने एटीएम बदलकर 75 हजार उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद
भोपाल, यश भारत। अस्पताल में मदद का झांसा देकर महिला का एटीएम कार्ड चुराने और उसके खाते से 75 हजार रुपये पार करने वाले शातिर आरोपी को शाहजहाँनाबाद थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवारा छावनी निवासी यासमीन बानो ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अस्पताल में मदद करने के बहाने एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका यूनियन बैंक का एटीएम कार्ड चोरी कर लिया और पासवर्ड जानकर खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।
थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही जैद खान (25), निवासी सुंदर नगर अशोका गार्डन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सघन पूछताछ में आरोपी ने एटीएम चोरी कर नकदी निकालने का अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चुराए गए 75 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी खंगाली जा रही है।







