बिजली चोरी के मामलों में 20 से अधिक वारंटी गिरफ्तार, 10 जेल भेजे
जबलपुर, यश भारत

जबलपुर, यश भारत बिजली चोरी के मामलों में लंबे समय से न्यायालयीन कार्रवाई से बच रहे आरोपियों के खिलाफ विद्युत विभाग और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर 20 से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया। 28 नवंबर की शाम 6 बजे से शुरू हुए विशेष कॉम्बिंग अभियान में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में से 10 से अधिक को 29 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में नौ साल पुराने बिजली चोरी के मामलों में जारी वारंटों की भी तामिली कराई गई।
विद्युत विभाग के अनुसार, बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और लाइन लॉस कम करने के लिए लगातार जांच की जा रही है। शिकायत मिलने पर विभागीय कर्मचारी मौके पर जांच कर पंचनामा तैयार करते हैं। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को अनंतिम आदेश जारी कर भुगतान और अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है।
निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी प्रकरण का निराकरण नहीं होने पर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जाता है। न्यायालय की ओर से पहले पेशी के नोटिस जारी किए जाते हैं। संबंधित व्यक्ति के उपस्थित नहीं होने पर जमानती वारंट, गैर जमानती वारंट और अंत में स्थायी वारंट जारी किए जाते हैं। इसके बावजूद कई आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे।
ऐसे मामलों को चिह्नित कर विद्युत विभाग ने जिला पुलिस प्रशासन से वारंटों की तामिली कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद पुलिस ने 28 नवंबर को विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया। देर रात तक चली कार्रवाई में अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने दबिश देकर 20 से अधिक वारंटियों को पकड़ा।
कार्रवाई में रितु कोरी निवासी सदर, नाना नुनिया निवासी माढ़ोताल, धन्नू पटेल निवासी करौंदा, विजय मलिक निवासी बिलहरी, वसीम अहमद निवासी गाजी नगर, रामचरण निवासी उजारपुरवा, अनुसूया रैकवार निवासी आगा चौक, जाकिर हुसैन निवासी लार्डगंज, अतुल कुमार सोनी निवासी गढ़ा फाटक और संतोष चौधरी निवासी संजीवनी नगर सहित अन्य के नाम सामने आए हैं।
वारंटों की तामिली के दौरान कुछ ऐसे व्यक्तियों की जानकारी भी मिली, जिनका निधन हो चुका है। ऐसे मामलों में वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर नियमानुसार वैधानिक और अभिलेखीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी।आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत से पहले हुई इस कार्रवाई को बिजली चोरी के लंबित मामलों के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विद्युत विभाग ने संबंधित उपभोक्ताओं से पहले भी नोटिस और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से प्रकरणों का निपटारा कराने की अपील की थी।







