बिजली के खंभे से टकराई तेज रफ्तार बाइक : 1 युवक की मौत, दूसरा गंभीर

रामपुर बाघेलान सतना । क्षेत्र के ग्राम रूहिया में पंचायत भवन के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा उस समय हुआ, जब बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बेला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस द्वारा मृतक की पहचान और हादसे के कारणों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बाइक अनियंत्रित होने की वजह क्या रही। घटना के बाद ग्राम रूहिया में शोक का माहौल है।







