भोपालमध्यप्रदेश

नए जिले बनाने के वायरल आदेश निकले फर्जी, निर्वाचन आयुक्त ने खोली AI चाल की पोल

नए जिले बनाने के वायरल आदेश निकले फर्जी, निर्वाचन आयुक्त ने खोली AI चाल की पोल

पिपरिया, बरेली और पिछोर के नाम से सोशल मीडिया पर फैले पत्रों पर 16 नवंबर 2026 की तारीख व दस्तखत

31 मार्च 2027 तक सीमाओं में बदलाव पर रोक

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सोशल मीडिया पर वायरल तीन सरकारी आदेश पूरी तरह फर्जी पाए गए हैं। इन पत्रों में नर्मदापुरम के पिपरिया, रायसेन के बरेली और शिवपुरी के पिछोर को नया जिला घोषित करने का दावा किया गया था, जिन पर 16 नवंबर 2026 की तारीख के साथ राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव के कथित हस्ताक्षर और मुहर लगी थी। खुद मनोज श्रीवास्तव ने सामने आकर इन आदेशों को फर्जी बताया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग पर सवाल उठाए हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा पिछोर को जिला बनाने की घोषणा के बाद प्रदेश में नए जिलों को लेकर अटकलें और मांगें तेज हो गई हैं। इसी माहौल में राज्य परिसीमन आयोग के नाम से तीन फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने फेसबुक पर इन पत्रों को साझा करते हुए कहा कि जिस आयोग का पद वे करीब दो साल पहले छोड़ चुके हैं, उसी आयोग के नाम से फर्जी लेटरहेड तैयार कर उनके हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। उन्होंने तकनीक के बढ़ते दुरुपयोग पर तंज कसते हुए कहा कि AI के जरिए अब काल्पनिक भीड़ दिखाने से लेकर नए जिले बनाने तक का काम किया जा रहा है।

जनगणना-2027 के चलते सीमाएं फ्रीज
नए जिलों से जुड़े इन वायरल दावों के बीच जनगणना-2027 के नियम भी अहम हैं। केंद्र सरकार के निर्देशों के मुताबिक मध्य प्रदेश में 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रशासनिक इकाइयों की सीमाएं फ्रीज हैं। इस अवधि में जिलों, तहसीलों और अन्य प्रशासनिक इकाइयों के क्षेत्राधिकार में बदलाव नहीं किया जा सकता, जिसके चलते नए जिलों के गठन की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक है।

दो साल पहले छोड़ा था आयोग का पद
मध्य प्रदेश सरकार ने 9 सितंबर 2024 को सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव को प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था। राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त होने के बाद उन्होंने 31 दिसंबर 2024 को आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और 1 जनवरी 2025 को राज्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार ग्रहण किया।

इन शहरों को जिला बनाने की मांग
प्रदेश में अलग-अलग क्षेत्रों को नया जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। इनमें सागर जिले में बीना और खुरई, उज्जैन में नागदा, शिवपुरी में पिछोर, नर्मदापुरम में पिपरिया, रायसेन में बरेली, छिंदवाड़ा में जुन्नारदेव, गुना में चांचौड़ा, देवास में बागली, विदिशा में सिरोंज तथा मंदसौर में गरोठ और भानपुरा को नया जिला बनाने की मांग शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button