महानदी भवन के पास चलती बस में लगी भीषण आग, 30 से अधिक कर्मचारियों ने कूदकर बचाई जान

महानदी भवन के पास चलती बस में लगी भीषण आग, 30 से अधिक कर्मचारियों ने कूदकर बचाई जान
रायपुर, यश भारत। नया रायपुर स्थित महानदी भवन के पास बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सचिवालय कर्मचारियों को लेकर जा रही एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त बस में 30 से अधिक शासकीय कर्मचारी सवार थे, जो कार्यालय का काम खत्म होने के बाद वापस लौट रहे थे।बताया गया कि महानदी भवन के समीप पहुंचते ही बस के इंजन और पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं तेजी से बढ़ गया और आग की लपटों ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलते ही बस में सवार कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। बस के अंदर धुआं भरने से कर्मचारियों को सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने बस रोकने का प्रयास किया। इसके बाद कर्मचारियों ने तेजी से बस से बाहर निकलना शुरू किया और कई कर्मचारी कूदकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।हादसे के दौरान मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। गनीमत रही कि समय रहते सभी कर्मचारी बस से बाहर निकलने में सफल रहे। घटना में किसी कर्मचारी के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक सूचना नहीं है।







