Delhiजबलपुरदेशमध्य प्रदेश

देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: CM मोहन यादव ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश, मृतकों के परिजनों को 4 लाख सहायता

धमाका इतना तेज कि दूर तक गिरे शवों के टुकड़े

देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: CM मोहन यादव ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश, मृतकों के परिजनों को 4 लाख सहायता

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला क्षेत्र में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए तत्काल उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने जिले के प्रभारी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

सरकार ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

राज्य सरकार ने हादसे में मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने तथा सभी घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

मौतों के आंकड़ों में भ्रम

हादसे में अब तक मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आ रही है। कलेक्टर ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि आरएमओ ने तीन लोगों की मौत होने की बात कही है। हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई गंभीर रूप से झुलसे हैं। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

धमाका इतना तेज कि दूर तक गिरे शवों के टुकड़े

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना भयावह था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। विस्फोट की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

विस्फोट के कारणों की जांच शुरू

प्रशासन ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। यह हादसा सुरक्षा मानकों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button