खेत में लहलहा रही थी गांजे की फसल, पुलिस ने की कार्रवाई, 6.6 किलो पौधे के साथ आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माधवनगर पुलिस ने एक आरोपी को अवैध रूप से गांजे की खेती करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 किलो 600 ग्राम वजन के हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 31 मई को पुलिस टीम गश्त के दौरान ग्राम गैतरा पहुंची, जहां आरोपी सोनेलाल पटेल अपनी बाड़ी में गांजे के पौधे लगाए था। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा लेकिन उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा के पौधे लगाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत में लगे गांजा के पौधों को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल कटनी भेज दिया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेश बागरी, प्रधान आरक्षक शोभनाथ शर्मा, आरक्षक आशीष श्रीवास, राकेश साहू, उमाकांत तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कटनी आ रहा था 2 करोड़ का गांजा
छत्तीसगढ़ की सूरजपुर पुलिस ने एक लग्जरी बस से तस्करी कर कटनी और मैहर भेजी जा रही गांजे की बड़ी खेप को जब्त किया है। बरामद किए गए गांजे का वजन 20 क्विंटल बताया जा रहा है, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। जानकारी के अनुसार जैतपुर पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक लग्जरी यात्री बस का इस्तेमाल कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बस को रोका। जब बस की सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। बस के भीतर शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया 20 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। गांजे की यह खेप छत्तीसगढ़ के रास्ते कटनी और मैहर जिलों में सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी से यह साफ है कि दोनों जिलों के स्थानीय तस्करों का नेटवर्क इस बड़ी डील में शामिल था, जो इसे स्थानीय स्तर पर खपाने की तैयारी में थे।







