इंदौरकटनीग्वालियरजबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू का छापा, 11 करोड़ की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा

छिंदवाड़ा, बालाघाट और भोपाल में एक साथ कार्रवाई,

जबलपुर। यशभारत। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू), जबलपुर ने भ्रष्टाचार के जरिए अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग, बालाघाट में पदस्थ कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगारे के ठिकानों पर गुरुवार सुबह एक साथ छापेमारी की। ईओडब्ल्यू की तीन टीमों ने छिंदवाड़ा, बालाघाट और भोपाल स्थित आवास एवं परिसरों में सुबह करीब 6 बजे सर्च कार्रवाई शुरू की। अब तक की जांच में आरोपी अधिकारी और उसके परिजनों के नाम करीब 11 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति सामने आने का दावा किया गया है। कार्रवाई अभी जारी है और बैंक खातों, लॉकरों तथा अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। ईओडब्ल्यू के मुताबिक कमल किशोर सिंगारे पिता तेजी लाल सिंगारे के खिलाफ भ्रष्टाचार के जरिए करोड़ों रुपये की अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0/26 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।

1788436063 Untitled 6 copy

छिंदवाड़ा के मकान से करोड़ों की संपत्ति

छिंदवाड़ा स्थित आवास की तलाशी में जमीन और मकान की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा 7.50 लाख रुपये नकद, करीब 1 करोड़ रुपये का घरेलू सामान, 350 ग्राम सोने के आभूषण जिनकी अनुमानित कीमत 52 लाख रुपये बताई गई है, चांदी के आभूषण, महिंद्रा एक्सयूवी-700 और नई महिंद्रा स्कॉर्पियो सहित तीन मोटरसाइकिलें भी मिली हैं। इसी परिसर से करीब 1.50 करोड़ रुपये के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी पता चला है।ईओडब्ल्यू को आरोपी और उसके परिजनों के नाम अलग-अलग बैंक शाखाओं में संचालित 12 बैंक खातों की जानकारी भी मिली है। इन खातों में जमा रकम का सत्यापन और विस्तृत जानकारी जुटाने की प्रक्रिया जारी है।

फार्म हाउस में जमीन से लेकर ट्रैक्टर तक

छिंदवाड़ा स्थित फार्म हाउस की जांच में जमीन और निर्माण पर करीब 2 करोड़ रुपये के व्यय का अनुमान लगाया गया है। फार्म हाउस परिसर से महिंद्रा ट्रैक्टर, ट्रॉली और अन्य कृषि उपकरण भी मिले हैं। इनकी कीमत क्रमश: करीब 8 लाख, 1.50 लाख और 5 लाख रुपये आंकी गई है।

1788436070 Untitled 7 copy

भोपाल के मकान की भी जांच

भोपाल स्थित आवास की तलाशी में करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन और मकान तथा लगभग 3.50 लाख रुपये का घरेलू सामान सामने आया है। वहीं बालाघाट स्थित शासकीय आवास से 2.50 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी दी गई है।

बैंक खातों और लॉकरों की जांच से बढ़ सकता है आंकड़ा

ईओडब्ल्यू की टीम द्वारा आरोपी के ठिकानों से मिले दस्तावेज, नकदी, आभूषण, बैंक खातों से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य कागजातों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार विभिन्न बैंक खातों और लॉकरों की जांच पूरी होने के बाद संपत्ति का वास्तविक मूल्यांकन और स्पष्ट हो सकेगा। फार्म हाउस में भी सर्च कार्रवाई जारी है। ईओडब्ल्यू का कहना है कि अब तक सामने आई संपत्तियों के आधार पर करीब 11 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button