दूरस्थ जिलों में जाएं अफसर, भोपाल में बैठकर न करें समीक्षा: मुख्य सचिव

दूरस्थ जिलों में जाएं अफसर, भोपाल में बैठकर न करें समीक्षा: मुख्य सचिव
– सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर भी वरिष्ठ अधिकारी लें फीडबैक, बालाघाट के 332 करोड़ के प्रोजेक्ट की समीक्षा
भोपाल, यश भारत । मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों को भोपाल में बैठकर योजनाओं की समीक्षा करने के बजाय दूरस्थ जिलों में पहुंचकर मैदानी स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एसीएस, पीएस और सचिव स्तर के अधिकारी जिलों का दौरा कर जमीनी हकीकत समझें और सामने आने वाली समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित कराएं। मुख्य सचिव ने गुरुवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान और बालाघाट विकास प्रोजेक्ट की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी जानकारी मैदानी स्तर पर जाकर ही बेहतर तरीके से मिल सकती है।
बर्णवाल ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण की केवल कागजी रिपोर्ट तैयार करने के बजाय वरिष्ठ अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ताओं से बातचीत करें और उनसे फीडबैक लें। इससे शिकायतों के वास्तविक निराकरण की स्थिति सामने आएगी और व्यवस्था में सुधार किया जा सकेगा।
बैठक में मुख्य सचिव ने 332 करोड़ रुपए के बालाघाट विकास प्रोजेक्ट की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को परियोजना से जुड़े कार्यों में गति लाने और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए।







