शराब, उल्टियां और मौत: युवक की जान कैसे गई, अब फॉरेंसिक लैब खोलेगी राज

दमोह। कुम्हारी थाना क्षेत्र के छोटी देवरी निवासी 35 वर्षीय ज्ञानी सिंह यादव की जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, ज्ञानी सिंह पटेरा में शराब पीने के बाद घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं और हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। रविवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। हालांकि, प्राथमिक तौर पर पॉइजनिंग, जैसे शराब या किसी अन्य जहरीले पदार्थ के सेवन के कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं।
इस संबंध में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान विसरा सुरक्षित (Preserve) किया गया है। विसरा को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।







