यश भारत एक्सक्लूसिव -रांझी के झंडा चौक की घटना, क्षेत्र में अफरातफरी,मकान में लगी आग, फटे 2 सिलेंडर,देंखे विडियो

जबलपुर,यश भारत।रांझी झण्डा चौक स्थित एक बंद पड़े मकान में सोमवार की सुबह 5 बजे अचानक आग लग गई और फिर उसके बाद मकान में एक के बाद एक दो बड़े धमाके हुए इसके बाद पूरा क्षेत्र दहल गया पड़ोसियों द्वारा तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद दो गाडिय़ों को तत्काल मौके से रवाना किया गया और उसके बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। जिसमें फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ों और एक टैंकर का उपयोग किया गया। आग पर काबू पर जाने के बाद मकान के अंदर से 5 से 6 सिलेंडर बरामद किए गए हैं। जिसमें से दो सिलेंडरों में ब्लास्ट हो चुका था जिसके चलते पूरा घर तहस-नहस हो गया है।
घर पर लगा था ताला-रांझी के सुभाष नगर झंडा चौक पर स्थित मकान को कृष्ण गोहले नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है जिनके मकान में घटना के समय ताला लगा हुआ था और पूरा परिवार कटनी अपने रिश्तेदारों के यहां गया हुआ है। जिसके चलते जब आग पूरे घर में फैल गई तब पड़ोसियों को आग का पता लग सका। वही सिलेंडर में हुए धमाको के चलते कोई भी व्यक्ति यह समझ नहीं पा रहा था कि आखिर धमाके हो क्यों रहे हैं, और घर में ऐसा कौन सा ज्वलनशील पदार्थ रखा हुआ है जो फट रहा है।
क्यों रखे थे सिलेंडर-इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल तो यह उठ रहा है कि घर के अंदर 5 से 6 सिलेंडर क्यों रखे गए थे। जिसको लेकर खाद्य विभाग और पुलिस की टीम कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रही है ।
एक ओर जहां खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची ही नहीं वहीं दूसरी ओर पुलिस जांच की बात कह रही है। लेकिन अंदेशा जताया जा रहा है कि यहां पर गैस रिफिलिंग का कार्य किया जाता था जिसके लिए सिलेंडर इक_े करके रखे गए थे। गनीमत तो यह रही की 6 में से दो ही सिलेंडरों में ब्लास्ट हुआ 4 सिलेंडर ब्लास्ट होने से बच गए। नहीं तो आसपास के मकान भी चपेट में आ जाते।







