भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर मौत, अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक

ग्रामीणों और एनएचएआई की टीम ने केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला
मैहर। नेशनल हाईवे-30 पर बेरमा मंडी के पास सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। कटनी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सुभाष पटेल (42) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक से टकराने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे उसका चालक केबिन में फंसकर घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम लुढ़ौती निवासी सुभाष पटेल, पिता रमलोचन पटेल, सोमवार शाम करीब पांच बजे अपनी बाइक (MP91 MU 6526) से गोरैया की ओर रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान कटनी से मैहर की तरफ आ रहे ट्रक (DL 1LX 6990) ने बेरमा मंडी के पास उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
दूसरी ओर, टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक रामप्रसाद आदिवासी (35) ट्रक के केबिन में दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें एनएचएआई की एंबुलेंस से सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरचुरी में रखवाया। पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।







