राजस्थान में खौफनाक हादसा, रोड बनाते समय करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत

राजस्थान के झुंझुनू जिले से हादसे की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ रही है। झुंझुनू जिले में सड़क निर्माण के दौरान करंट की चपेट में आने के कारण एक साथ 8 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने सोमवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी है और 8 मजदूरों की मौत की पुष्टि कर दी है।
कैसे हुआ ये हादसा?
झुंझुनू जिले में हुए इस दर्दनाक हादसे को लेकर पुलिस ने बताया- ”छापोली गांव में सड़क निर्माण का कार्य हो रहा था। निर्माण कार्य के दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तार के संपर्क में आ गई। ऐसे में मशीन में करंट फैल गया और मौके पर काम कर रहे मजूदर करंट की चपेट में आ गए।” पुलिस ने आगे कहा- ”आठ मजदूरों की मौत होने की जानकारी दी गई है।” शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन थी। लाइन के संपर्क में आते ही मशीन में करंट दौड़ गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से प्रभावित हुए।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, धरना शुरू
हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने घटना को लेकर धरना शुरू कर दिया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी देखी गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी मौके पर मौजूद है। घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति पर लोगों की नजर बनी हुई है।







