बीमार बेटे का झांसा देकर ससुराल बुलाया, 15 दिन बाद रहस्यमयी मौत; हत्या का आरोप

सागर, यशभारत l देवरी में एक महिला की रहस्यमयी और संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुरुआत में इस घटना को सामान्य हादसा या आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया गया था, लेकिन मृतका के परिवार द्वारा सामने लाए गए तथ्यों ने इसे एक गंभीर आपराधिक मामले में बदल दिया है। परिवार ने पति पर सोची-समझी साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय संगीता उर्फ बसन्ती विश्वकर्मा के रूप में हुई है। मृतका के भाई खेमचंद विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि संगीता की शादी करीब 12 साल पहले महेंद्र विश्वकर्मा के साथ हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं।
भाई खेमचंद का आरोप है कि उसका बहनोई (पति) रोजाना शराब पीकर संगीता के साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर वह पिछले 9 महीनों से अपने मायके में ही रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, घटना से महज 15 दिन पहले ही आरोपी पति छोटे बेटे की बीमारी का हवाला देकर और उसे देखने का झांसा देकर संगीता को वापस अपने साथ ससुराल ले गया था। ससुराल पहुंचने के कुछ ही दिनों बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
न्याय की आस में परिवार
घटना के बाद से मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। परिवार का साफ तौर पर कहना है कि यह आत्महत्या या सामान्य मौत नहीं, बल्कि इसके पीछे गहरी साजिश है। यह मामला देवरी और आसपास के इलाकों में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की जाए, ताकि संगीता की मौत का सच सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सके।







