जीरो डिग्री गरबा महोत्सव में बेटियों का तलवार रास बना आकर्षण
महापौर सहित जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

जबलपुर, यश भारत। शहर में अल्फा मैरिज गार्डन में आयोजित जीरो डिग्री गरबा महोत्सव में भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिला। मां दुर्गा की आराधना के बीच गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन में पारंपरिक गरबे के साथ कई विशेष प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महोत्सव में महारानी लक्ष्मीबाई और मां काली के स्वरूपों पर आधारित जीवंत प्रस्तुतियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, सैकड़ों बेटियों ने एक साथ तलवार रास प्रस्तुत कर अपनी कला, साहस और सामूहिक समन्वय का प्रदर्शन किया। एक साथ तलवारों के साथ कदमताल करती बेटियों की प्रस्तुति को देखकर दर्शकों ने जमकर सराहना की। यह प्रस्तुति कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रही।
आयोजन में पारंपरिक गरबे के माध्यम से भारतीय संस्कृति और मातृशक्ति के सामर्थ्य को प्रदर्शित किया गया। भक्ति संगीत और रंग-बिरंगे परिधानों के बीच प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ गरबा और डांडिया किया। इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, पूर्व पार्षद यामिनी सिंह, सांसद आशीष दुबे और विधायक अभिलाष पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







