जबलपुर न्यायालय परिसर में कार में लगी

जबलपुर यश भारत। जबलपुर न्यायालय परिसर के गेट नंबर 2 और 3 के बीच खड़ी एक निजी कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार से धुआं और लपटें उठते देख परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना की जानकारी देते हुए जिला अधिवक्ता संघ, जबलपुर के सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि न्यायालय परिसर में पार्क एक निजी कार में अचानक आग लग गई थी। वहां मौजूद एक नागरिक ने तुरंत इसकी सूचना बार एसोसिएशन को दी। सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया।

फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर तत्परता से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि जिस जगह यह हादसा हुआ, उसके ठीक पास न्यायालय की अदालतें संचालित हो रही थीं। साथ ही आसपास कई अन्य वाहन खड़े थे और लोगों की आवाजाही थी। यदि आग समय रहते न बुझाई जाती और फैल जाती, तो न्यायालय भवन, वाहनों तथा वहां मौजूद लोगों को गंभीर नुकसान पहुँच सकता था।






