मालवीय चौक पर अवैध जेंट्री गेटों बड़ा खतरा,इंदौर हादसे से भी सीख नहीं ले रहा प्रशासन
हाईकोर्ट के आदेशों की धज्जियां

जबलपुर , यश भारत। इंदौर में गणेश उत्सव के दौरान अवैध जेंट्री गेट गिरने से एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की घटना के बाद भी संस्कारधानी का प्रशासन नींद से नहीं जागा है। शहर के सबसे व्यस्ततम मालवीय चौक और उसके आसपास के सभी प्रमुख मार्गों पर नियमों को ताक पर रखकर विशालकाय और असुरक्षित जेंट्री गेट तान दिए गए हैं। यह स्थिति तब है जब माननीय हाईकोर्ट के सख्त निर्देश हैं कि सड़कों पर अवैध जेंट्री गेट, होर्डिंग्स और फ्लेक्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

नेताओं द्वारा अपनी सियासत चमकाने और चेहरे चमकाने की होड़ में जनता की जान को सीधे तौर पर जोखिम में डाला जा रहा है। ये अवैध ढांचे न केवल रोजाना यातायात को बाधित कर रहे हैं, बल्कि किसी भी क्षण एक बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं। गणेश उत्सव के समाप्त होते ही नवरात्रि पर्व शुरू होने वाला है, जिसमें ऐसे गेटों की संख्या और बढ़ जाती है। यदि वक्त रहते इन पर बुलडोजर नहीं चला, तो इंदौर जैसी जानलेवा पुनरावृत्ति जबलपुर में भी तय है।

हाईकोर्ट के आदेशों की धज्जियां
सियासी होड़ में जान का जोखिम: नेतागिरी चमकाने के चक्कर में बिना किसी तकनीकी स्वीकृति के लोहे-बांस के असुरक्षित गेट खड़े किए गए हैं। मालवीय चौक पर चोक हुआ ट्रैफिक: चौराहे के चारों मार्गों पर बने गेट चालकों की दृश्यता प्रभावित कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
नवरात्रि से पहले हो कड़ी कार्रवाई: प्रशासन इंदौर कांड से सबक लेते हुए तुरंत इन अवैध स्ट्रक्चर्स को हटाए और आयोजकों पर मामला दर्ज करे







