गणेश पंडाल में बिजली सुरक्षा की अनदेखी, दो दिन बाद एफआईआर
गढ़ा क्षेत्र में असुरक्षित तारों से लेकर अर्थिंग की कमी तक मिली खामियां, पुलिस ने जांच शुरू की

जबलपुर, यश भारत। गणेश उत्सव के दौरान विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी का मामला सामने आया है। गढ़ा क्षेत्र में 22 सितंबर की शाम हुई घटना के मामले में पुलिस ने 24 सितंबर को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घटना शाम करीब 7:10 से 7:40 बजे के बीच की है, जबकि पुलिस को इसकी सूचना 24 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे मिली। इसके बाद एफआईआर दर्ज की गई। मामले में विद्युत विभाग की ओर से किए गए निरीक्षण में गणेश पूजा पंडाल की विद्युत व्यवस्था में कई खामियां सामने आने की बात कही गई है। शारदा टॉकीज के सामने गणेश उत्सव समिति के पंडाल में बिजली सजावट के लिए लगाए गए तार पुराने और कटे-फटे इंसुलेशन वाले पाए गए। तारों के जोड़ भी सुरक्षित तरीके से नहीं किए गए थे। शिकायत के अनुसार तार निर्धारित ऊंचाई पर नहीं थे और जोड़ के लिए एमसीबी की व्यवस्था भी नहीं थी।
इसके अलावा पंडाल में अर्थिंग की व्यवस्था नहीं होने तथा धातु के सपोर्ट को अर्थ नहीं किए जाने की बात एफआईआर में दर्ज है। विद्युत तारों को लोहे के पाइप और धातु संरचना के जरिए ले जाने का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जांच की जिम्मेदारी कार्यवाहक उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब घटना के कारण और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।







