मैदानी अमले को सौंपी जाएगी जनगणना की कमान, स्वर्ण जयंती सभागार में आज जुटेंगे प्रदेश के अफसर

मैदानी अमले को सौंपी जाएगी जनगणना की कमान, स्वर्ण जयंती सभागार में आज जुटेंगे प्रदेश के अफसर
134 मास्टर ट्रेनर्स के सहारे जमीनी कवायद, दूरस्थ जिलों के अधिकारी वर्चुअल मोड में जुड़ेंगे
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश में जनगणना के दूसरे चरण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार को राजधानी भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही है। सुबह 10:30 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मैदानी अमले को जनगणना की कार्यप्रणाली, समय-सीमा और जिम्मेदारियों से अवगत कराएंगे।
बैठक को जनगणना के उप महानिदेशक विश्वजीत दास और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला संबोधित करेंगे। आयोजन में संभागायुक्त, कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, एडीएम, एसडीएम और जिला योजना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल होंगे। भौगोलिक दूरी और प्रशासनिक व्यस्तताओं को देखते हुए दूरस्थ जिलों के अधिकारियों को वर्चुअल माध्यम से जोड़ा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, जनगणना कार्य को तय मानकों के अनुरूप और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए प्रदेश में 134 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं। राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस के जरिए जिला स्तर पर प्रशिक्षण और मैदानी समन्वय को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि दूसरे चरण के दौरान किसी तरह की व्यावहारिक अड़चन न आए।







