धान खरीद से पहले बड़ा उलटफेर 19 समितियों की छुट्टी, महिला सशक्तिकरण के नाम पर होगी फिर दलालों की एंट्री !

जबलपुर, यशभारत। जिले ले में खरीफविपणन वर्ष 2026-27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान उपार्जन की तैयारियों के बीच बड़ा उलटफेर सामने आया है। पहले चयनित की गई 58 सहकारी समितियों में से 19 समितियों को अचानक उपार्जन कार्य और पोर्टल से बाहर कर दिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि 15 सितंबर 2026 को शासन के आदेश पर पंजीयन का काम इन्हीं समितियों से कराया गया था, लेकिन ऐन वक्त पर हुए बदलाव के बाद अब 39 समितियों को 73 केंद्रों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शेष केंद्रों पर महिला स्व-सहायता समूहों को काम देने की कवायद तेज हो गई है। इस फैसले ने उपार्जन व्यवस्था में सक्रिय कथित सिंडिकेट और दलालों के प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, 2024-25 के धान अफरातफरी मामले में जिन 19 समितियों के कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज हुई थी, उनमें किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता सामने नहीं आई थी। इसी आधार पर तत्कालीन कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने 28 नवंबर 2025 को खाद्य विभाग को पत्र लिखकर स्पष्ट अनुशंसा की थी कि इन समितियों से उपार्जन कार्य कराना उचित होगा, क्योंकि ये समितियां उपार्जन को छोड़कर सहकारिता से जुड़े शेष सभी कार्य नियमित रूप से कर रही हैं। इसके अतिरिक्त जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों द्वारा भी इन समितियों को काम देने के लिए बार-बार पत्राचार किया गया। इसके बावजूद पहले पंजीयन कराकर एकाएक 19 समितियों का नाम हटाए जाने से व्यवस्था की पारदर्शिता कठघरे में है
राजनैतिक और प्रशासनिक दबाव का खेल
जिले में स्व-सहायता समूहों के जरिए उपार्जन के नाम पर दो गुट सक्रिय रहे हैं-एक पाटन, मझौली और सिहोरा के कुछ हिस्से में, जबकि दूसरा शहपुरा, पनागर और सिहोरा के कुछ क्षेत्रों में। पिछले गेहूं सीजन में प्रशासन ने एक गुट पर बड़ी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कर सिंडिकेट तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन दूसरे गुट के भोपाल स्तर तक जुड़े तार और संरक्षण के चलते बचा हुआ है। उधर, 39 में से कुछ समितियां मैनपावर की कमी के चलते दो केंद्र चलाने को तैयार नहीं हैं, जिससे 25 से 30 स्व-सहायता समूहों को काम मिलने की संभावना जताई जा रही है। जबकि पिछली बार काम करने वाले 37 समूहों के कमीशन का भुगतान अटका होने और 30 रु. के वास्तविक खर्च के मुकाबले 16 रु. प्रासंगिक व्यय में भी कई समूहों को महज 7-8 रु. मिलने की बातें सामने आती रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर महिलाओं को जो काम दिया जाता है, उसमें महिलाएं सशक्त हो रही हैं या फिर महिलाओं के नाम पर लूट चल रही है।

मुख्य बिंदु पंजीयन के बाद बाहरः 15 सितंबर 2026 को शासन के आदेश पर पंजीयन कराने वाली 19 समितियों को ऐन वक्त पर पोर्टल से बाहर कर दिया गया।
पूर्व कलेक्टर की अनुशंसा भी पीछे छूटीः 28 नवंबर 2025 को तत्कालीन कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने वित्तीय अनियमितता न होने का हवाला देते हुए इन समितियों से काम कराने की सिफारिश की थी, जिसे अनदेखा किया गया।
भोपाल कनेक्शन की चर्चा खाद्य विभाग में पदस्थ एक वरिष्ठ अधिकारी और उनके संपर्कों के जरिए हर बार अंतिम समय में समितियों को बाहर कर समूहों को साधने की चर्चाएं तेज हैं।
दो गुटों की सक्रियताः पाटन-मझौली-सिहोरा और शहपुरा-पनागर-सिहोरा क्षेत्र में सर्साय दो गुटों की भूमिका पर सवाल हैं; एक गुट पर पिछले गेहूं सीजन में कार्रवाई हुई थी, जबकि दूसरा गुट सक्रिय बताया जा रहा है।
खर्च और कमीशन का गणितः पिछले सीजन के 37 समूहों का कमीशन बकाया होने और 730 खर्च के मुकाबले 27-78 मिलने की चर्चा के बीच समूहों की दिलचस्पी सिंडिकेट की ओर इशारा करती है।
भोपाल से ‘अड़ंगा’ और बड़े वित्तीय गणित की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम के पीछे भोपाल में खाद्य विभाग में पदस्थ एक वरिष्ठ अधिकारी की भूमिका चर्चा में है, जिनका पूर्व में जबलपुर से विशेष जुड़ाव और गहरा संपर्क रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले दो वर्षों से हर बार जबलपुर जिला प्रशासन की ओर से समितियों को काम देने की अनुशंसा भेजी जाती है, लेकिन अंतिम समय पर भोपाल से अड़ंगा लगाकर समितियों को बाहर कर दिया जाता है और काम समूहों के हवाले कर दिया जाता है। चर्चा है कि इस पूरे खेल के पीछे बड़ा वित्तीय गणित और भारी लेनदेन जुड़ा है। जिले की जमीनी हकीकत से वाकिफस्थानीय अधिकारी महिला समूहों की आड़ में दलालों की सक्रियता को भली-भांति जानते हैं, लेकिन भोपाल में बैठे कुछ जिम्मेदार और उनके राजनीतिक संरक्षक जबलपुर की उपार्जन व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।






