Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

दो दिन बाद भी नहीं खुला 32 लाख का राज, हवाला से जुड़ रहे तार,बड़े नाम हो सकते है पीछे

जबलपुर,यशभारत। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान मोपेड की डिक्की से बरामद हुए 32 लाख रुपये के मामले में अब आयकर विभाग ने जांच शुरू कर दी है। नकदी किसकी है, कहां से आई और किसे पहुंचाई जानी थी, इन सवालों का जवाब अब तक नहीं मिल पाया है। पुलिस को आशंका है कि दोनों युवक हवाला कारोबार से जुड़े कैरियर के रूप में काम कर रहे थे और रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी।

पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात थाने के सामने वाहन चेकिंग के दौरान मोपेड सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान गोहलपुर निवासी आयुष लालवानी और पाटन निवासी शुभम कुशवाहा के रूप में हुई। मोपेड की डिक्की की तलाशी लेने पर उसमें नोटों की गड्डियां मिलीं। गिनती करने पर नकदी 32 लाख रुपये निकली।

रकम किसकी, दोनों के पास जवाब नहीं

पुलिस ने जब दोनों युवकों से इतनी बड़ी रकम रखने और उसे ले जाने के संबंध में पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। रकम के वास्तविक मालिक और उसके स्रोत की जानकारी भी नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस ने नकदी जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में रकम हवाला कारोबार से जुड़ी होने की आशंका जताई जा रही है। जांच के दौरान बंटी नामक व्यक्ति का नाम भी सामने आने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

कैरियर बदलकर आगे पहुंचाई जानी थी रकम

जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों युवक किसी हवाला कारोबारी के लिए कैरियर का काम कर रहे थे। उन्हें रकम आसपास के जिलों तक पहुंचानी थी, जहां दूसरे कैरियर के माध्यम से इसे आगे भेजा जाना था। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

आयकर विभाग खंगाल रहा रकम का हिसाब

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी थी। मंगलवार को आयकर विभाग की टीम माढ़ोताल थाने पहुंची और जब्त नकदी के संबंध में जांच शुरू की। टीम दोनों युवकों से रकम के स्रोत, वास्तविक मालिक और लेन-देन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच का दायरा बढ़ने के साथ इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button