नवजात का शव मिलने पर दो थानों के बीच उलझा मामला, सीमा विवाद के बाद पाटन पुलिस को सौंपी जांच

जबलपुर,यश भारत। जिले के ग्राम माला कलां में पुल के नीचे नाले में नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को उस समय लगी, जब उन्होंने नाले में शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बेलखेड़ा और पाटन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल दोनों थाना क्षेत्रों की सीमा से जुड़ा होने के कारण जांच की जिम्मेदारी को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि घटनास्थल किस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसे लेकर दोनों थानों की पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार का सवाल सामने आया। शुरुआत में बेलखेड़ा और पाटन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। बाद में घटनास्थल की सीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट होने पर मामले की जांच पाटन पुलिस को सौंप दी गई। इस दौरान नवजात का शव मिलने की घटना के साथ ही पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर हुई उलझन भी चर्चा का विषय बनी रही।
पाटन पुलिस अब नवजात का शव नाले में मिलने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि नवजात को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। फिलहाल घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







