भोपाल

एमएसपी पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने किसानों का पंजीयन शुरू

एमएसपी पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने किसानों का पंजीयन शुरू
भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने वाले किसानों का पंजीयन मंगलवार, 15 सितंबर से शुरू हो गया। किसान 10 अक्टूबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकेंगे। इसके लिए प्रदेशभर में 1100 से अधिक पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में पंजीयन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
सरकारी केंद्रों पर नि:शुल्क पंजीयन
किसान ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और तहसील कार्यालयों में बनाए गए सुविधा केंद्रों के अलावा सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं के केंद्रों पर नि:शुल्क पंजीयन करा सकेंगे। वहीं एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और अधिकृत साइबर कैफे के माध्यम से पंजीयन कराने पर अधिकतम 50 रुपये शुल्क लिया जा सकेगा।
इन किसानों का पंजीयन सहकारी केंद्रों पर
सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन केवल सहकारी समिति अथवा सहकारी विपणन संस्था के केंद्रों पर किया जाएगा। इन किसानों के दस्तावेजों और पात्रता का राजस्व विभाग द्वारा सत्यापन किया जाएगा।
आधार सत्यापन अनिवार्य
समर्थन मूल्य पर फसल बेचने के लिए पंजीयन के साथ आधार सत्यापन अनिवार्य रहेगा। किसान आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी अथवा बायोमेट्रिक के माध्यम से सत्यापन करा सकेंगे। भू-अभिलेख में दर्ज किसान के नाम और आधार कार्ड में दर्ज नाम का मिलान भी जरूरी होगा।
पंजीयन के दौरान किसानों को बैंक खाता नंबर और आईएफएससी कोड देना होगा। उपज का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर आधार से लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। बैंक खाते की जांच के लिए ई-उपार्जन/जेआईटी पोर्टल के माध्यम से एक रुपये का ट्रांजेक्शन भी किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button