चलती कार में हथियारों का प्रदर्शन, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने दबोचा
चाकू और नकली पिस्टल जब्त

जबलपुर,यश भारत। सोशल मीडिया पर चलती कार की खिड़की से चाकू और पिस्टलनुमा हथियार प्रदर्शित करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। अधारताल पुलिस ने वीडियो में दिख रहे 18 वर्षीय युवक अमन सचदेवा, निवासी आलोक नगर, को अभिरक्षा में लेकर उसके कब्जे से रील में प्रदर्शित बटनदार धारदार चाकू और पटाखे फोड़ने वाली नकली पिस्तौल जब्त की है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया सेल द्वारा वायरल वीडियो और रील की निगरानी के दौरान यह मामला सामने आया। वीडियो में कार चालक युवक चलती कार की खिड़की से हथियारनुमा वस्तु प्रदर्शित करता नजर आया। सोशल मीडिया सेल की टीम ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रही कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाई गई। कार मालिक से संपर्क करने पर उसने वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान अपने बेटे के दोस्त अमन सचदेवा के रूप में की। पुलिस टीम ने अधारताल मेन रोड पर दबिश देकर अमन को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने दोस्त की कार चला रहा था और दिवाली के दौरान पटाखे फोड़ने वाली नकली पिस्तौल का प्रदर्शन करते हुए वीडियो बनाया था। उसने यह भी बताया कि उसने एक राहगीर से 1200 रुपये में बटनदार धारदार चाकू खरीदा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रील में इस्तेमाल किया गया चाकू और नकली पिस्तौल जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।







