पान-सिगरेट की दुकान में मिला प्रतिबंधित ई-सिगरेट का स्टॉक, संचालक पर मामला दर्ज
सदर चौपाटी में प्रतिबंधित ई-सिगरेट की बिक्री का खुलासा

जबलपुर,यश भारत। कैंट थाना पुलिस ने सदर चौपाटी स्थित पान दुकान से प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने के आरोप में दुकान संचालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 हजार रुपए कीमत की पांच ई-सिगरेट जब्त की हैं। आरोपी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
कैंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले ने बताया कि 14 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सदर चौपाटी की दुकान नंबर 29 का संचालक प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी। पूछताछ में दुकान संचालक ने अपना नाम राजा चौधरी (29), निवासी पुरानी बस्ती कजरवारा, गोराबाजार बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग कंपनियों की पांच ई-सिगरेट मिलीं। पूछताछ में संचालक इन ई-सिगरेट के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने सभी पांच ई-सिगरेट जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 4(1), 5(ए), 7 और 8 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का निषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।







