कैबिनेट के बड़े फैसले: लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना अगले 5 साल जारी रहेंगी; रक्षाबंधन पर मिलेंगे ₹1750

कैबिनेट के बड़े फैसले: लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना अगले 5 साल जारी रहेंगी; रक्षाबंधन पर मिलेंगे ₹1750
भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश की महिलाओं और कन्याओं के हित में बड़ा कदम उठाते हुए लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजनाओं को आगामी 5 वर्षों तक निरंतर संचालित रखने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इन दोनों महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए ₹1,30,691 करोड़ के बजट प्रावधान के प्रस्ताव को हरी झंडी दिखाई गई।
इसके साथ ही, आगामी रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर लाड़ली बहनों को ₹250 का अतिरिक्त उपहार देने का निर्णय लिया गया है। 19 अगस्त को लाड़ली बहनों के बैंक खातों में नियमित ₹1500 की किस्त के साथ यह राशि जोड़कर कुल ₹1750 की अंतरित की जाएगी। उज्ज्वला योजना की पात्र महिला लाभार्थियों को भी ₹250 की अतिरिक्त राशि का लाभ मिलेगा।
अवसंरचना और प्रशासनिक विस्तार को हरी झंडी
कैबिनेट ने मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम में 35 नए पदों के सृजन सहित कुल 18 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से उप स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों के नए भवन निर्माण की योजनाओं को अगले 5 साल के लिए विस्तार दिया गया है। आशा कार्यकर्ताओं को मिलने वाली अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी जारी रहेगी।
प्रमुख स्वीकृतियां और घोषणाएं:
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना: वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रहेगी (60% केंद्र और 40% राज्य का अंशदान)।
नमन मिशन: नर्मदा संरक्षण व विकास कार्यों को संस्थागत रूप देने हेतु ‘निर्मल एवं अविरल मां नर्मदा मिशन’ को मंजूरी।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी: शोध और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए ₹492 करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत।
कृषि अनुसंधान: सीहोर के भाउखेड़ी में कृषि विज्ञान केंद्र हेतु ICAR को 20 हेक्टेयर भूमि पट्टे पर।
युवा कल्याण: 5 से 15 वर्ष के बच्चों के लिए टैलेंट हंट, युवाओं के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग नेटवर्क, 1 करोड़ युवाओं को AI स्किल ट्रेनिंग और 100 सप्ताह का नशामुक्त भारत अभियान चलाने का ऐलान।







