शातिर तस्कर गांजे के साथ गिरफ्तार

शातिर तस्कर गांजे के साथ गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी में टीला जमालपुरा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को सवा किलो से अधिक अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों दबोचा है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है। पकड़ा गया आरोपी पुराना आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में लूट, मारपीट और नशा तस्करी के कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 8 जून को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि हरिजन बस्ती स्थित पानी की टंकी के पास एक व्यक्ति ग्रे रंग के थैले में भारी मात्रा में गांजा लेकर किसी को सप्लाई करने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शाहिद खान पिता मुबीन खान, निवासी करीम बक्स कॉलोनी, छोला मंदिर रोड बताया। पुलिस ने जब उसके पास मौजूद ग्रे रंग के थैले की तलाशी ली, तो उसमें 1.267 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। नशीले पदार्थ को रखने के संबंध में जब आरोपी से वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगा गया, तो वह निरुत्तर हो गया। पुलिस ने तुरंत गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
वही पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी शाहिद खान इलाके का शातिर अपराधी है। उस पर वर्ष 2006 में बैरागढ़ थाने में लूट का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद वर्ष 2016 में रातीबड़ थाने में आबकारी एक्ट और वर्ष 2023 में गौतम नगर थाने में घर में घुसकर मारपीट व धमकी देने का केस दर्ज किया गया था। इतना ही नहीं, आरोपी इसी साल टीलाजमालपुरा थाने में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत पकड़ा जा चुका है और जेल से छूटने के बाद उसने फिर से तस्करी शुरू कर दी थी।






