मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई जिलों को मिले नए कलेक्टर परीक्षित झाड़े IDA से विदा, अब शाजापुर की संभालेंगे कमान

मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई जिलों को मिले नए कलेक्टर
परीक्षित झाड़े IDA से विदा, अब शाजापुर की संभालेंगे कमान
भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने कई आईएएस अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव करते हुए विभिन्न जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की है। वहीं मंत्रालय स्तर पर भी कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के सीईओ परीक्षित झाड़े को शाजापुर जिले का कलेक्टर बनाया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों की प्रशासनिक कमान भी नए अधिकारियों को सौंपी गई है।


कई जिलों में बदले कलेक्टर, जबलपुर से लेकर शाजापुर तक फेरबदल
प्रशासनिक बदलाव के तहत बालाघाट कलेक्टर कुमार सत्यम को हरदा जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है जबकि रायसेन कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा को जबलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबलपुर के कलेक्टर राघवेन्द्र को मंडी बोर्ड का प्रबंध संचालक बनाया गया है। वहीं शाजापुर कलेक्टर ऋजु बाफना की जगह परीक्षित झाड़े जिले की कमान संभालेंगे। इसी तरह आशीष वसिष्ठ को नर्मदापुरम जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। ईसीबी के डायरेक्टर अंकित अस्थाना को सिंगरौली जिले की जिम्मेदारी दी गई है जबकि अंकिता धाकरे को नीमच का नया कलेक्टर बनाया गया है।

मंत्रालय में भी बदली जिम्मेदारियां
जिला स्तर पर बदलाव के साथ मंत्रालय में भी प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। भारत यादव को जनसंपर्क सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, सुखबीर सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही वे लोक निर्माण विभाग (PWD) का कामकाज भी संभालेंगे। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रश्मि अरुण शमी को चिकित्सा विभाग में अपर मुख्य सचिव बनाया गया है जबकि केसी गुप्ता को खाद्य विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
कई विभागों में नए सिरे से तय हुआ प्रशासनिक दायित्व
राज्य सरकार के इस फेरबदल में जिला प्रशासन और मंत्रालय दोनों स्तरों पर अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। नए कलेक्टरों की नियुक्ति के साथ संबंधित जिलों में प्रशासनिक नेतृत्व बदलेगा। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों को विभागीय जिम्मेदारियां सौंपे जाने से मंत्रालय स्तर पर भी कामकाज का नया दायित्व तय हुआ है।







