
जबलपुर,यश भारत। मुख्यालय मध्य भारत एरिया के मिलिट्री स्टेशन में भारतीय सेना के जम्मू और कश्मीर राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर और 1 सिग्नल ट्रेनिंग सेंटर के अग्निवीरों का छठा बैच पास आउट हुआ। जबलपुर मिलिट्री स्टेशन के दोनों प्रशिक्षण केंद्रों से 1113 अग्निवीर और 441 टेरिटोरियल आर्मी (टीए) सैनिक दिए। जिसमे जम्मू और कश्मीर राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के 460 अग्निवीर , 441 टेरिटोरियल आर्मी (टीए) सैनिक तथा 1 सिग्नल ट्रेनिंग सेंटर के 653 अग्निवीर सैनिक शामिल है।

आउट परेड की समीक्षा ट्रेनिंग सेंटर के कमांडेंट, ब्रिगेडियर राकेश शर्मा तथा 1 सिग्नल ट्रेनिंग सेंटर में कमांडेंट, ब्रिगेडियर टी सुरेश द्वारा की गई। परेड के दौरान रेजिमेंटल ट्रेनिंग सेंटर के सैन्य अधिकारी, जूनियर कमीशंड अधिकारी, सैनिक व अन्य प्रशिक्षणार्थी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्रिगेडियर शर्मा और ब्रिगेडियर टी सुरेश ने अग्निवीरों को तिरंगे के प्रति अपने शपथ को सदैव स्मरण रखने तथा रेजिमेंट और राष्ट्र की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया। इन्होंने प्रशिक्षण केंद्रों पर 31 सप्ताह का कठिन और गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। ट्रेनिंग के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को सम्मानित किया गया।

अग्निवीरों ने गीता, कुरान, गुरु ग्रंथ साहिब और बाइबल पवित्र ग्रंथों पर हाथ रखकर देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करने की शपथ ली। इस कार्यक्रम को देखने के लिए इन अग्निवीर योद्धाओं के माता-पिता भी उपस्थित रहे। अग्निवीरों के गौरवान्वित माता-पिता इस पासिंग आउट परेड समारोह के साक्षी बने और राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान के लिए उन्हें ‘गौरव पदक’ से सम्मानित किया गया।







