मुख्य ख़बरें

बाजार में चीत्कार, आग के हवाले कार: कार ने 9 को मारी टक्कर, एक की मौत, चार गंभीर

डिंडौरी के झनकी की घटना, भड़के ग्रामीणों ने कार में लगाई आग

यशभारत डिंडोरी/ करंजिया। जिले के गोपालपुर चौकी अंतर्गत ग्राम झनकी में  साप्ताहिक बाजार के दौरान तेज रफ्तार कार सवार ने 9 लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर हैं और चार अन्य लोग घायल हुए हैं।

Screenshot 20261024 083641.WhatsApp

हादसे के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। आक्रोशित लोगों ने कार को आग के हवाले कर दिया और शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया।

गौरतलब है कि इससे पहले ग्वालियर में भी ट्रक चालक ने करीब 18 लोगों को रौंद दिया था। इस घटना के बाद भी पुलिस-प्रशासन ने सबक नहीं लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार युवक तेज रफ्तार में कार को बाजार के बीच ले आया और भीड़ को रौंदते हुए निकल गया। यह कार झनकी के पोषक ग्राम मनकी निवासी संतोष साहू की बताई जा रही है। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान उत्तम धुर्वे (28) के रूप में हुई है, जो बाजार में खरीदारी करने पहुंचा था। घायलों में पुरुषोत्तम लाल, विवेक, नरबद और जनक शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में बजाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए भेजा गया है।

 

दो की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही करंजिया, बजाग थाना और गोपालपुर चौकी पुलिस और एसपी आशीष खरे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस से भी विवाद होने की जानकारी सामने आ रही है। देर रात तक गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button