मुख्य ख़बरें

शराब के ‘जहरीले घूंट’ ने छीनी जिंदगी : चौकी के सामने लाश रखकर फूटा जनाक्रोश,चक्काजाम

दमोह। नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के बाजार मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय अभिषेक रैकवार की शराब सेवन के बाद मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने दमोह-छतरपुर मार्ग पर पुलिस चौकी के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने क्षेत्र में कथित अवैध शराब बिक्री, हाथ भट्टी से शराब बनाने और नकली शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग उठाई।

Screenshot 20261023 223429.WhatsApp

परिजनों के अनुसार, अभिषेक पिछले दो दिनों से लगातार शराब का सेवन कर रहा था। उसके पिता रतिराम उर्फ गोलू रैकवार ने आरोप लगाया कि उनका बेटा मोहल्ले से अवैध शराब खरीदता था। उन्होंने शराब के कथित अवैध कारोबार को लेकर कार्रवाई की मांग की।

शव सड़क पर रखकर जताया आक्रोश

पोस्टमार्टम के बाद अभिषेक का शव नरसिंहगढ़ पहुंचा तो परिजन आक्रोशित हो उठे। उन्होंने पुलिस चौकी के सामने दमोह-छतरपुर मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया और अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। परिजनों का कहना था कि क्षेत्र में कथित तौर पर चल रहे इस कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

जांच के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

युवक की मौत को लेकर परिजनों ने शराब सेवन और कथित अवैध शराब बिक्री पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, अभिषेक की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित जांच के निष्कर्षों से ही हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button